झाँसी:अपर्णा यादव ने झाँसी जिला अस्पताल में नवजात कन्याओं को भेंट की ‘बेबी किट’, कन्या जन्म को बताया गौरव का विषय

झाँसी:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जून 2025 उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव ने बुधवार को झाँसी जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में जन्मी नवजात कन्याओं को स्नेहपूर्वक ‘बेबी किट’ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके साथ ही उन्हें ‘कन्या जन्म उत्सव प्रमाणपत्र’ प्रदान कर उनके आगमन को सम्मानपूर्वक मनाया गया। निरीक्षण के दौरान अपर्णा यादव ने नवजात शिशुओं की माताओं व परिजनों से संवाद कर उन्हें ‘सुकन्या समृद्धि योजना’ की जानकारी दी और इस बचत योजना से जुड़कर बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि

“बेटी का जन्म किसी भी परिवार के लिए गौरव की बात है। राज्य सरकार बालिकाओं के जन्म, शिक्षा और भविष्य को लेकर गंभीर है। हर परिवार को बेटियों के पालन-पोषण के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।” इस अवसर पर उन्होंने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का भी जायज़ा लिया और संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, टीकाकरण, पोषण तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए। महिला आयोग की यह पहल न सिर्फ कन्या जन्म को सामाजिक स्तर पर सम्मान दिलाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है, बल्कि महिलाओं व बालिकाओं के सशक्तिकरण को भी बल देती है। कार्यक्रम में अस्पताल स्टाफ, महिला कल्याण अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।