कुशीनगर में मौत का कुआ , कुएं में गिरने से 13 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में बड़े हादसे की खबर आई है। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में कुएं में गिरने से 13 लोगों की मौत होने की खबर है। मरने वालों में लड़कियां ओर महिलाएं शामिल हैं। करीब डेढ़ दर्जन महिलाओं के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक, औरतें व लड़कियां हल्दी के दिन मटकोड़वा की रस्म के लिए पहुंची थीं। हादसा नौरंगिया गांव में हुआ।

कैसे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार नौरंगिया ग्राम सभा के स्कूल टोले पर बुधवार की रात करीब 9 बजे एक मांगलिक कार्यक्रम में कुआं पूजन की रस्म के लिए महिलाएं व बच्चियां इकठ्ठा थीं। कुआं पानी से भरा हुआ था। भीड़ अधिक थी। बच्चियां व महिलाएं कुएं की मुंडेर और कुएं पर बने चबूतरे पर पर बैठीं थीं। कहा जा रहा है कि कुएं का चबूतरा कमजोर होने की वजह टूट गया जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। बच्चियां व महिलाएं कुएं में गिर गईं। उन्हें बचाने में भी कई महिलाएं कुएं में जा समायीं। अधिकारियों के अनुसार ये महिलाएं शादी के एक दिन पहले कुएं के पास मिट्टी कोड़ने की रस्म अदा करने पहुंची थीं। दो घंटे की मशक्कत के बाद 11 बच्चियों व दो महिलाओं को कुएं से निकालकर अस्पताल भेजा गया मगर तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। जिलाधिकारी के साथ तमाम प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी कुएं से और लोगों को निकालने में जुटे हैं।