क्रिकेट के मैदान पर आए दिन हैरान कर देने वाले कारनामे देखने को मिलते हैं. कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2025) में भी ऐसा ही एक वाकया हुआ, जिसने सभी को चौंका दिया. गुयाना अमेजन वॉरियर्स और सेंट लूसिया किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में एक ही गेंद पर 22 रन बन गए. यह अनोखा रिकॉर्ड सेंट लूसिया के गेंदबाज ओशेन थॉमस के नाम दर्ज हो गया है.
यह घटना मैच के 15वें ओवर में हुई. उस समय क्रीज पर रोमारियो शेफर्ड और इफ्तिखार अहमद बल्लेबाजी कर रहे थे. ओवर की तीसरी गेंद पर थॉमस ने पहले नो-बॉल डाली, जिस पर कोई रन नहीं बना. फिर अगली गेंद उन्होंने वाइड फेंकी. इसके बाद थॉमस ने लगातार दो और नो-बॉल डाल दी, जिन पर शेफर्ड ने दो शानदार छक्के जड़ दिए. थॉमस की अगली वैध गेंद पर भी शेफर्ड ने छक्का ठोक दिया. इस तरह सिर्फ एक गेंद पर कुल 22 रन बन गए और स्टेडियम में मौजूद दर्शक हैरान रह गए.
