मैनपुरी में मिट्टी धंसने से 11 वर्षीय किशोर की मौत

मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के दौरान शनिवार को 11 वर्षीय पुष्पेंद्र की मौत हो गई। बीकापुर–रामनगर मार्ग पर जेसीबी मशीन से खुदाई के दौरान मिट्टी का ढेर अचानक धंस गया, जिससे बच्चा 6 फीट गहरे गड्ढे में दब गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के समय जेसीबी चालक मौके पर मौजूद था, लेकिन सूचना मिलते ही वह जेसीबी लेकर फरार हो गया। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत दूसरी जेसीबी मंगवाई और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पुष्पेंद्र को गड्ढे से बाहर निकाला।

आनन-फानन में पुष्पेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुरावली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कुरावली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मैनपुरी मोर्चरी भेज दिया।

पुष्पेंद्र के परिजन और ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। बताया गया कि सड़क निर्माण जिला पंचायत निधि द्वारा कराया जा रहा था। ठेकेदार फिलहाल फरार है। पुष्पेंद्र कुरावली के एक निजी स्कूल में कक्षा 7 का छात्र था। वह अपने परिवार में तीसरे नंबर का था। उसके पिता अजब सिंह किसान हैं और परिवार में तीन बहनें और दो भाई हैं।

थाना प्रभारी ललित भाटी ने बताया कि गड्ढे में मिट्टी धंसने से किशोर के दबने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर जाकर और सीएचसी में जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।