लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज़) बैंकिंग सेवा के साथ सामाजिक सरोकार निभाने की मिसाल पेश करते हुए पंजाब एंड सिंध बैंक ने अपने 119वें स्थापना दिवस पर जरूरतमंद मरीजों के लिए मदद का हाथ बढ़ाया। बैंक की ओर से डीएम अंजनी कुमार सिंह ने सीएसआर के तहत स्वास्थ्य विभाग को पांच व्हीलचेयर और गांधी बालोद्यान स्कूल को एक वाटरकूलर भेंट की गईं।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने बैंक के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि कॉर्पोरेट संस्थानों की सामाजिक भागीदारी से जनसुविधाओं को नई ताकत मिलती है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आने वाले बुजुर्ग, दिव्यांग और गंभीर मरीज इन व्हीलचेयरों से सीधे लाभान्वित होंगे, जबकि स्कूल में वाटरकूलर लगने से बच्चों को स्वच्छ पेयजल की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
मुख्य प्रबंधक रोहित वर्मा ने बताया कि बैंक केवल वित्तीय सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए भी प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर बैंक अधिकारी अभिषेक मिश्रा एवं प्रबंधक नितिन कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
