फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 जून 2026 गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर पंचालघाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जनपद फतेहगढ़ में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष रूट डायवर्जन योजना लागू की गई है। यह व्यवस्था 23 जून 2026 की शाम 7:00 बजे से 24 जून 2026 को गंगा स्नान समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार विभिन्न जनपदों से फतेहगढ़ आने वाले माल वाहनों जैसे ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डंपर एवं लोडर आदि के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है तथा उन्हें वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
रूट डायवर्जन व्यवस्था इस प्रकार रहेगी—
कन्नौज से कानपुर रोड होते हुए फतेहगढ़ आने वाले भारी वाहनों को गुरसहायगंज से छिबरामऊ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
छिबरामऊ से जहानगंज होकर फतेहगढ़ आने वाले माल वाहनों को छिबरामऊ से बेबर (मैनपुरी) की ओर भेजा जाएगा।
बेबर (मैनपुरी) की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बेबर में ही रोक दिया जाएगा।
एटा जनपद की ओर से आने वाले माल वाहनों को बिराहिमपुर-अलीगंज बॉर्डर पर रोका जाएगा।
शाहजहांपुर एवं बरेली की ओर से आने वाले भारी वाहनों को थाना अल्लागंज, हुल्लापुर तथा जरियनपुर चौराहे पर रोककर आगे नहीं जाने दिया जाएगा।
हरदोई की ओर से आने वाले माल वाहनों को रूपापुर, थाना सवायजपुर (हरदोई) में रोका जाएगा।
गंगा स्नान के लिए पार्किंग व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने विभिन्न मार्गों से आने वाले छोटे वाहनों हेतु अलग-अलग पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की है।
बरेली, शाहजहांपुर एवं बदायूं मार्ग से आने वाले छोटे वाहनों की पार्किंग वन चेतना केंद्र में की जाएगी।
इटावा एवं छिबरामऊ मार्ग से आने वाले वाहनों को राधा रानी हॉस्पिटल पार्किंग में खड़ा किया जाएगा।
नवाबगंज, शमसाबाद, लालगेट तिराहा, कादरीगेट तिराहा एवं लकूला रोड से आने वाले छोटे वाहनों की पार्किंग मालती गार्डन में होगी।
मिलेट्री चौराहा से आर्मी कैंट मार्ग होकर पंचालघाट आने वाले वाहनों को सोनू टोल पर पार्क कराया जाएगा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा यातायात पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें, जिससे गंगा दशहरा पर्व सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
