दो महिलाओं के सोने की चेन बाइक सवार बदमाश लूट ले गए

लखनऊ के दो थाना क्षेत्रों में शनिवार को सुबह टहलने पर निकली दो महिलाओं के सोने की चेन बाइक सवार बदमाश लूट ले गए। एक वारदात स्थल पर सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों के फुटेज मिले हैं। बदमाशों का शिकार बनी महिलाओं में एक समीक्षा अधिकारी की पत्नी और दूसरी डॉक्टर की पत्नी हैं।
बिजनौर थाना क्षेत्र के औरंगाबाद स्थित गोमती एक्नलेव कॉलोनी निवासी प्रमोद गुप्ता सचिवालय में समीक्षा अधिकारी हैं। शनिवार सुबह करीब 6 बजे उनकी पत्नी संगीता गुप्ता (45) मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। शहीद पथ की सर्विस रोड पर एक बाइक से आए दाे बदमाशों ने संगीता के गले से चेन लूटकर भाग निकले। सूचना पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन सुराग नहीं लगा।
गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र के शारदा अपार्टमेंट निवासी एक डॉक्टर की पत्नी कंचन तिवारी के गले से बाइक सवार दो बदमाश सोने की चेन लूट ले गए। कंचन भी सुबह सुबह मॉर्निंग वाक पर निकलीं थी। सेक्टर चार के पास पीछे से आए बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। उसमें बदमाश दिखे हैं। मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।