अररिया के फारबिसगंज में सभा के पहले तेजस्वी यादव के पैर में मोच आ गई

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शुक्रवार को अररिया, मधेपुरा, सुपौल समेत 5 जिलों के चुनावी दौरे पर थे। अररिया के फारबिसगंज में सभा के पहले उनके पैर में मोच आ गई। इसके बाद वो मंच पर ही लड़खड़ाते दिखे। सुरक्षाकर्मियों और सहयोगियों ने उन्हें सहारा देकर मंच से नीचे उतारा।
जानकारी के अनुसार, तेजस्वी यादव अररिया लोकसभा से राजद उम्मीदवार शाहनवाज आलम के पक्ष में सभा को संबोधित करने के लिए फारबिसगंज प्रखंड के सिमराहा मैदान पहुंचे थे। भाषण समाप्त होने के बाद तेजस्वी यादव मंच के बगल में बने टॉयलेट में गए। इसी क्रम में उनका पैर पत्थर पर पड़ गया। जब उन्हें थोड़ी देर के लिए दर्द का अनुभव हुआ तो एकदम से मंच पर ही लड़खड़ाने लगे।
इसी बीच कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें थाम लिया। फिर उनको पकड़कर हेलिकॉप्टर तक ले गए। लड़खड़ाने का वीडियो भी सामने आया है। राजद के कुछ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव के बारे में बताया कि पैर में थोड़ा खिंचाव आ गया। लेकिन, वे बिल्कुल ठीक हैं।
फारबिसगंज में ही सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी तो रसौई गैस सिलेंडर की कीमत 500 रुपए कर दी जाएगी। साथ ही 200 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी। यही नहीं गरीब परिवार की बहनों को साल में एक बार 1 लाख रुपया मदद देने का काम करेंगे।
वीआईपी पार्टी के सुप्रीमो मुकेश सहनी ने भी सभा को संबोधित किया। कहा कि आज जो सरकार है, ये अपने को हिटलर मानती है। हमने अपने मेहनत के बल पर 4 विधायक बनाए और हमारे समर्थन से बिहार में नीतीश कुमार की सरकार बनी। लेकिन, बदले में हमें क्या मिला? हमारे विधायकों को खरीद लिया गया और हमें सरकार से बाहर कर दिया गया।इसके बाद तेजस्वी यादव मधेपुरा के उदाकिशुनगंज स्थित HS कॉलेज मैदान पहुंचे। यहां उन्होंने राजद प्रत्याशी प्रो. कुमार चंद्रदीप के समर्थन में वोट मांगा। उन्होंने कहा कि प्रो. चंद्रदीप को हम सभी ने मिलकर इस बार मधेपुरा से प्रत्याशी बनाया है। ये नौजवान हैं और मधेपुरा के ही हैं। लंबे समय से पार्टी से जुड़े रहे हैं। नई सोच है। नया इरादा है। मधेपुरा के लिए इस बार कुछ नया करना है। हम सभी नौजवानों को मिलकर इस बार नया बिहार बनाना है।
जनसभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने PM मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मधेपुरा मेरे पिता लालू प्रसाद यादव की कर्मभूमि रही है। यहां उन्होंने विश्वविद्यालय, रेलवे कारखाना आदि दिया। देश में 10 साल से NDA की सरकार है। 17 साल से बिहार में भी भाजपा की सरकार है।
यहां से लगातार NDA के सांसद और विधायक चुनाव जीत रहे हैं। फिर भी गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई है। इन लोगों ने एक काम बिहारीगंज, उदाकिशुनगंज, मधेपुरा या इस क्षेत्र के लिए नहीं किया। इस वजह से हम सभी लोगों से अपील करते हैं कि अब नए लोगों को मौका मिलना चाहिए।
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि यहां हम लोग पीएम मोदी की नहीं, बल्कि मुद्दे की बात करने आए हैं। मुद्दा है पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई और कार्रवाई वाली सरकार बनाने की। इतना बड़ा झूठा प्रधानमंत्री हमने नहीं देखा है। दुनिया का अगर सबसे झूठा प्रधानमंत्री है, तो उसका नाम नरेंद्र दामोदर दास मोदी है। बीजेपी भ्रष्टाचारियों की वाशिंग मशीन है। उसमें जाने पर भ्रष्टाचारियों के सभी दाग धुल जाते हैं। हमलोग काम करते हैं, सच बोलते हैं तो ED-CBI लगा दिया जाता है। हमलोग जनता के हक के लिए लड़ रहे हैं। हमलोग बीजेपी के गीदड़-भभकी से डरने वाले लोग नहीं हैं
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि जब लालू यादव भाजपा के आगे नहीं झुके तो उनका लड़का कैसे झुकेगा? हम लोगों ने जो कहा वह 17 महीने में करके दिखाया। मुकेश सहनी के सारे विधायक बीजेपी वालों ने खरीद लिए। यही नहीं हमारे चाचा सीएम को उठा ले गए। हमारे साथ जब थे तो उन्हीं के हाथों हमने साढ़े 5 लाख शिक्षक ऑन के नियुक्ति पत्र बंटवाने का काम किया।
आंगनबाड़ी, टोला सेवक, शिक्षा मित्र आदि हमलोगों ने मानदेय बढ़ाने का काम किया। हमलोगों ने आरक्षण के सीमा को बढ़ाया। सरकार में आने के बाद हमलोग अग्निवीर योजना को खत्म करेंगे। पूरे देश में 1 करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी देने का काम करेंगे। रक्षाबंधन पर गरीब परिवार की बहनों को 1 लाख रुपए का सहयोग देंगे। कार्यक्रम को VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी, राजद नेता रामचंद्र पूर्वे, पूर्व शिक्षामंत्री प्रो. चंद्रशेखर आदि में भी संबोधित किया।