फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 मई 2026 जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन फर्रुखाबाद के तत्वाधान में रविवार को सेंट एंथोनी जूनियर स्कूल, नेकपुर परिसर में बेल्ट प्रमोशन टेस्ट कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एसोसिएशन के सचिव अजय प्रताप सिंह द्वारा किया गया, जिसमें जनपद की विभिन्न तहसीलों से लगभग 180 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला होमगार्ड कमांडेंट डीएन सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने ताइक्वांडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 खिलाड़ियों को ब्लैक बेल्ट एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही प्रदेश स्तर पर 51 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों तथा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 5 खिलाड़ियों को भी मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डीएन सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और ईमानदारी से किया गया प्रयास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ते रहने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन शीश मल्होत्रा, आपदा प्रबंधन अधिकारी आयुषेंद्र सिंह, डॉ. नावेद तथा अमित सक्सेना विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव अजय प्रताप सिंह ने विभिन्न खेल संघों के अध्यक्ष एवं सचिवों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला ओलंपिक संघ के सचिव अवनींद्र कुमार ने किया। कार्यक्रम में फुटबॉल संघ के अध्यक्ष चमन टंडन, एथलेटिक एसोसिएशन के सचिव योगेश शुक्ला, कराटे एसोसिएशन के सचिव पारस भारद्वाज, बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव संजीव कटियार, कबड्डी एसोसिएशन के सचिव कुलदीप यादव, हॉकी संघ के कोषाध्यक्ष लक्ष्मण टंडन तथा जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अंजुम कुमार दुबे सहित कई खेल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सागर दिवाकर, अर्जुन सिंह, सिमरन कनौजिया, मुस्तफिजुर रहमान, मुस्कान राजपूत, उपासना, दीपांजलि, राशिका यादव, सिद्धि कुशवाहा, आनंद शाक्य, आदित्य राठौर, सनी दिवाकर एवं रूबी ने मास्टर्स एवं निर्णायक की भूमिका निभाई।
