फर्रुखाबाद में अवैध खनन व ओवरलोडिंग पर सख्ती, 3 ट्रक सीज, 8 वाहनों के चालान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 अप्रैल 2026 शासन के निर्देशानुसार जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, फतेहगढ़ के नेतृत्व में एआरटीओ और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 03 ओवरलोड ट्रकों को सीज कर दिया गया, जबकि 08 अन्य बड़े वाहनों का चालान किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग और अवैध खनन से न केवल सड़कों को नुकसान पहुंचता है, बल्कि यह सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बनता है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों से नियमों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित किया जा सके।