फर्रुखाबाद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, जागरूकता रैली को दिखाई गई हरी झंडी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 अप्रैल 2026 जनपद में संचारी रोगों की प्रभावी रोकथाम एवं व्यापक जनजागरूकता के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर से एक विशाल जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

रैली में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, आशा बहुएं, छात्र-छात्राएं तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ जनजागरूकता का संदेश दिया और आमजन को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित जनसमूह को संचारी रोगों की रोकथाम हेतु शपथ दिलाई। सभी ने यह संकल्प लिया कि वे अपने घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखेंगे, जलभराव नहीं होने देंगे तथा मच्छरों के पनपने के स्थानों को समाप्त करेंगे। साथ ही, अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया गया।

जिलाधिकारी श्री द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे संचारी रोगों की रोकथाम में जनसहभागिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों को नियमित और प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह विशेष अभियान निर्धारित अवधि तक पूरे जनपद में चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत घर-घर सर्वेक्षण, दवा वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी, ताकि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

इस अवसर पर अन्य जनपद स्तरीय अधिकारीगण भी उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने के लिए अपने-अपने स्तर पर सहयोग का आश्वासन दिया।

यह अभियान जनस्वास्थ्य को सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिसमें प्रशासन और आमजन की सहभागिता से बेहतर परिणाम की उम्मीद जताई जा रही है।