फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 मई 2026 जनपद में आगामी तीन दिनों तक भीषण गर्मी और लू (हीटवेव) का प्रकोप रहने की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी प्रभाव आधारित मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना व्यक्त की है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने स्वास्थ्य, नगर निकाय, पंचायती राज, विद्युत, शिक्षा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों का ध्यान रखने की अपील की है।
लू और भीषण गर्मी से संभावित खतरे
प्रशासन के अनुसार तेज गर्मी के कारण लोगों में डिहाइड्रेशन, लू लगना, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, अत्यधिक कमजोरी और बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। खेतों और निर्माण कार्यों में लगे किसानों एवं मजदूरों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा पशुओं और पक्षियों पर भी गर्मी का प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
प्रशासन द्वारा जारी महत्वपूर्ण सलाह
जिला प्रशासन ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। बाहर निकलते समय सिर को गमछे, टोपी या कपड़े से ढकने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और ORS, नींबू पानी, छाछ व अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहने को कहा गया है।
हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, धूप में छाता इस्तेमाल करने और बच्चों एवं बुजुर्गों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ने की भी सलाह दी गई है। खेतों और निर्माण स्थलों पर काम करने वाले श्रमिकों को समय-समय पर छायादार स्थान पर विश्राम करने के निर्देश दिए गए हैं।
क्या न करें
प्रशासन ने तेज धूप में खाली पेट बाहर न जाने, अधिक तला-भुना और बासी भोजन न खाने तथा शराब, अत्यधिक चाय-कॉफी और कार्बोनेटेड पेय पदार्थों का सेवन कम करने की सलाह दी है। लंबे समय तक लगातार धूप में काम करने से भी बचने को कहा गया है।
लू लगने पर तुरंत करें यह उपाय
यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, चक्कर, सिरदर्द, उल्टी, अत्यधिक कमजोरी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत छायादार और ठंडे स्थान पर लिटाएं। शरीर पर ठंडे पानी की पट्टियां रखें और यदि व्यक्ति होश में हो तो ORS या ठंडा पानी पिलाएं। स्थिति गंभीर होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाने की सलाह दी गई है।
विभागों को दिए गए विशेष निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और संबंधित विभागों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल और छायादार स्थानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य केंद्रों पर ORS और आवश्यक दवाएं उपलब्ध रखने तथा आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से संवेदनशील वर्गों को जागरूक करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र – 1077
एम्बुलेंस सेवा – 108
कंट्रोल रूम – 05692-235077
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और मौसम विभाग की आधिकारिक सूचनाओं का पालन करते हुए सावधानी बरतें।
