सड़कों में नमाज पर साध्वी प्राची ने किया CM योगी के बयान का समर्थन

पश्चिमी उतर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर पहुंचीं विश्व हिंदू परिषद की फायर ब्रांड नेत्री साध्वी प्राची ने सपा नेता राजकुमार भाटी के कथित विवादित बयान को लेकर जमकर हमला बोला. शिव चौक पर जलाभिषेक के बाद मीडिया से बातचीत में साध्वी प्राची ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए महिलाओं के सम्मान को लेकर बड़ा बयान दिया. इस दौरान उन्होंने सड़क पर नमाज, लव जिहाद और जनसंख्या नियंत्रण कानून जैसे मुद्दों पर भी अपनी राय रखी.

मंगलवार को सिटी के शिव चौक पहुंचीं साध्वी प्राची ने मीडिया से बातचीत करते हुए सपा नेता राजकुमार भाटी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि महिलाओं का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. साध्वी प्राची ने कहा कि जो लोग समाज और महिलाओं के खिलाफ बयानबाजी करते हैं, उन्हें उनकी भाषा में जवाब मिलना चाहिए. मीडिया से बातचीत के दौरान साध्वी प्राची काफी आक्रामक अंदाज में नजर आईं. उन्होंने कहा कि कुछ नेता सिर्फ वोट बैंक की राजनीति के लिए समाज को बांटने का काम कर रहे हैं. उन्होंने महिलाओं से जागरूक रहने और अपने सम्मान के लिए आवाज उठाने की अपील की.

इस दौरान साध्वी प्राची ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सड़क पर नमाज को लेकर दिए गए बयान का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि सड़कें आम लोगों के आने-जाने के लिए होती हैं और सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए. इसके अलावा उन्होंने लव जिहाद के मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि परिवारों को अपनी बेटियों को जागरूक और संस्कारित बनाने की जरूरत है.