फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 मार्च 2026 जनपद में महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में आयोजित “रन फॉर इम्पॉवरमेंट” दौड़ को पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने हरी झण्डी दिखाकर विधिवत शुभारम्भ किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा के प्रति जागरूकता और स्वावलंबन की भावना को बढ़ावा देना रहा। दौड़ में पुलिस कर्मियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक के अरुण कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी (सीओ सिटी) ऐश्वर्या राय भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। “रन फॉर इम्पॉवरमेंट” जैसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नारी सशक्तिकरण के प्रति जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया गया।
