फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना की समीक्षा, भूमि क्रय प्रक्रिया तेज करने के निर्देश

 
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 अप्रैल 2026 जनपद लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना की प्रगति को लेकर अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भूमि क्रय की प्रक्रिया को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण करने के लिए ग्रामवार कैंप आयोजित किए जाएं, जिससे किसानों और स्थानीय लोगों को सुविधा मिल सके तथा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी हों।बैठक में रजिस्ट्री कार्य में हो रही सुस्ती पर नाराजगी जताई गई। जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से लेखपालों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने और तेजी के साथ कार्य संपादित करने के निर्देश दिए गए।अधिकारियों को यह भी कहा गया कि भूमि से संबंधित सभी मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाए, ताकि एक्सप्रेसवे परियोजना समय पर पूरी हो सके और क्षेत्र के विकास को गति मिल सके।गौरतलब है कि फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।