कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने छात्रों के मुद्दे को लेकर एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि छात्र गहरे दर्द में हैं और उन्हें प्रधानमंत्री की ओर से माफी की जरूरत नहीं है।राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि आरएसएस भारत का इतिहास नहीं बदल सकता। उन्होंने कहा कि भारत किसी को भी अपने इतिहास को रौंदने की अनुमति नहीं देगा।
‘वाइको इन पार्लियामेंट’ किताब लॉन्च के मौके पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि सबसे पहले, मैं मिस्टर वाइको को बधाई देना चाहता हूं, न सिर्फ उनके भाषणों या उनके द्वारा लिखी गई किताब के लिए, बल्कि उस जज्बे के लिए भी, जो उन्होंने अपने पूरे करियर में बनाए रखा है। जब भी मैं किसी राजनेता को परखता हूं, तो सबसे पहली और जरूरी चीज जो मैं देखता हूं, वह है निरंतरता। क्या वह व्यक्ति कुछ खास विचारों में यकीन रखता है और लगातार उन पर कायम रहता है, या फिर वह एक दिन कुछ कहता है, अगले दिन कुछ और, और उसके अगले दिन कुछ बिल्कुल अलग ही बात कहता है? मिस्टर वाइको हमारे देश के सबसे निरंतर रहने वाले सांसदों में से एक रहे हैं। वाइको भले ही 82 साल के हों, लेकिन वे जिंदगी और राजनीति के एक विद्यार्थी बने हुए हैं। वे लगातार बुनियादी सवाल पूछते रहते हैं, जो कि कुछ अन्य लोगों से बिल्कुल अलग बात है।
