पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने माइक स्मिथ को बनाया दो साल के लिए कोच

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर माइक स्मिथ को पाकिस्तान पुरुष क्रिकेट टीम का सभी प्रारूपों का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। बोर्ड ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। स्मिथ को दो साल के अनुबंध पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। माइक स्मिथ इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले टीम के साथ जुड़ेंगे। वह लेवल-4 कोच हैं और पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में कई फ्रेंचाइजी के साथ काम करने का अनुभव रखते हैं। पीएसएल 2026 में वह मुल्तान सुल्तान्स के बल्लेबाजी कोच रहे थे।

टी20 विश्व कप के बाद पीसीबी ने बल्लेबाजी कोच हनीफ मलिक को पद से हटा दिया था। इसके बाद राष्ट्रीय चयनकर्ता और पूर्व टेस्ट बल्लेबाज असद शफीक ने बांग्लादेश और वेस्टइंडीज दौरे पर अंतरिम बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाली थी। पाकिस्तान टीम के साथ पहले भी कई विदेशी कोच काम कर चुके हैं, लेकिन उनका कार्यकाल हमेशा सफल नहीं रहा। गैरी कर्स्टन, जेसन गिलेस्पी, स्टीव रिक्सन और डेव व्हाटमोर जैसे कोचों का कार्यकाल या तो समय से पहले समाप्त हुआ या फिर पीसीबी के साथ मतभेदों के कारण उन्होंने इस्तीफा दे दिया। हाल के वर्षों में खासकर टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान की बल्लेबाजी लगातार कमजोर कड़ी साबित हुई है। पिछले दो सत्रों में टीम कई मौकों पर बल्लेबाजी में बुरी तरह लड़खड़ाई है। ऐसे में माइक स्मिथ के सामने सबसे बड़ी चुनौती टेस्ट टीम की बल्लेबाजी को स्थिरता और मजबूती देना होगी।

Leave a Comment