कासगंज :जिला विकास अधिकारी की अध्यक्षता में मीटिंग सम्पन्न

कासगंज: मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टेªट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित।
जनपद में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, मंतरा ऐप, ई-विन पोर्टल, ई-गवर्नेंस, आभा आईडी, जननी सुरक्षा योजना, परिवार कल्याण कार्यक्रम तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति की जाए। उन्होंने विशेष रूप से टीकाकरण एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने तथा लाभार्थियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
इसके उपरांत मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद में संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने नगरीय क्षेत्रों में फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा दवा के छिड़काव की धीमी प्रगति पर समस्त अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्थानों पर माइक्रोप्लान के अनुसार फॉगिंग एवं दवा का छिड़काव कराया जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के समस्त ग्रामों में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई एवं एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव सुनिश्चित कराया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, आईसीडीएस एवं स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा अभियान में अपेक्षित प्रगति न होने पर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग अपनी-अपनी गतिविधियों को शत-प्रतिशत समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराएं।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय अंतर-विभागीय बैठक में बताया गया कि दिनांक 14 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) तथा 18 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। जनपद का लक्ष्य 7,11,768 बच्चों को दवा खिलाने का निर्धारित किया गया है। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी श्रीकांत, आयुष्मान भारत के नोडल अधिकारी डॉ. उत्कर्ष यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डीपीएम पवन कुमार, डीसीपीएम के.पी. सिंह, बीपीएम, वीसीपीएम, समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षक/प्रभारी चिकित्सा अधिकारी तथा अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment