फर्रुखाबाद:राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने जनपद में छात्राओं को किया जागरूक, नवजात बेटियों का मनाया कन्या जन्मोत्सव

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अगस्त 2026 उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी के जनपद आगमन पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उन्होंने छात्राओं को साइबर सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया, वहीं नवजात बेटियों के सम्मान में कन्या जन्मोत्सव में शामिल होकर उन्हें आशीर्वाद दिया।

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में आयोजित संवाद कार्यक्रम में श्रीमती चौधरी ने छात्राओं को साइबर क्राइम से बचाव, सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं नकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर रही हैं और उनके लिए कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। मेहनत, आत्मविश्वास और स्पष्ट लक्ष्य ही सफलता की कुंजी हैं। इस दौरान छात्राओं ने भी अपने विचार एवं समस्याएं साझा कीं।

इसके बाद उन्होंने संयुक्त चिकित्सालय डॉ. राम मनोहर लोहिया महिला अस्पताल में आयोजित कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान केक काटकर नवजात बेटियों का जन्मोत्सव मनाया गया। लगभग 20 नवजात शिशुओं को खिलौने, हिमालया बेबी किट, मिठाई तथा एक-एक तुलसी का पौधा भेंट कर उनके परिवारों का उत्साहवर्धन किया गया।

श्रीमती चौधरी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कमालगंज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं की ड्रेस, भोजन की गुणवत्ता एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं से संवाद कर उन्हें शिक्षा के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया।

अपने दौरे के दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम का निरीक्षण भी किया। वहां रह रहे बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, खान-पान और देखभाल की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आश्रम में रहने वाले बुजुर्ग हमारे माता-पिता के समान हैं और उनकी सेवा एवं देखभाल पूरी संवेदनशीलता के साथ की जानी चाहिए।

कार्यक्रमों में जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चन्द्र, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की शिक्षिकाएं, डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नेहा मिश्रा, संरक्षण अधिकारी सचिन सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट कुमुदिनी रमन एवं निर्मला देवी, महिला अस्पताल की सीएमएस, रुचि सिंह (दत्तक ग्रहण इकाई), रीतम शाक्य (अकाउंट असिस्टेंट) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment