फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 अप्रैल 2026 आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 09 मई 2026 के सफल आयोजन को लेकर जनपद न्यायालय परिसर स्थित एडीआर भवन में लघु आपराधिक मामलों एवं धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। यह बैठक श्री नीरज कुमार, जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद के निर्देशन में सम्पन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता श्री संजय कुमार, अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत, फर्रुखाबाद द्वारा की गई, जबकि संचालन युगल शम्भू, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया।
बैठक के दौरान अध्यक्ष महोदय ने संबंधित न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक लघु आपराधिक एवं धारा 138 एनआई एक्ट से जुड़े मामलों को चिन्हित कर राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण हेतु प्रस्तुत किया जाए। साथ ही चिन्हित मामलों का विस्तृत विवरण भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
अब तक की प्रगति के अनुसार धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित कुल 06 मामलों तथा लघु आपराधिक मामलों के कुल 134 प्रकरणों को चिन्हित किया जा चुका है, जिन्हें आगामी लोक अदालत में निस्तारित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी श्रीमती प्रीतिमाला चतुर्वेदी, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) श्रीमती प्रियंका गांधी, अपर मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी श्री जयवीर सिंह सहित विभिन्न न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस तैयारी बैठक का उद्देश्य लंबित मामलों का शीघ्र एवं आपसी सहमति से निस्तारण सुनिश्चित करना है, जिससे न्यायालयों पर भार कम हो और वादकारियों को त्वरित न्याय मिल सके।
