फर्रुखाबाद में होमगार्ड भर्ती परीक्षा 2025 की तैयारियां तेज, 25 से 27 अप्रैल तक 6 पालियों में होगी परीक्षा।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 अप्रैल 2026 जनपद में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती–2025 परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा दिवस पर प्रातः 07 बजे ट्रेजरी पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, जिससे परीक्षा की निगरानी सख्ती से की जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, कागज के टुकड़े, प्लास्टिक पाउच, पर्स, स्मार्टबैंड, स्मार्टवॉच, सनग्लासेस और हैंडबैग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। साथ ही बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित होगा तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए पहचान पत्र अनिवार्य किया गया है।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में फोटोकॉपी दुकानें, साइबर कैफे एवं इलेक्ट्रॉनिक गैजेट की दुकानें परीक्षा अवधि के दौरान बंद रहेंगी। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी युक्त कंट्रोल रूम और स्ट्रॉन्ग रूम की व्यवस्था की जाएगी।

अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों के बाहर क्लॉक रूम बनाए जाएंगे, जहां वे अपने सामान सुरक्षित रख सकेंगे। परीक्षा में केवल नीला या काला पेन, प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र के साथ ही प्रवेश दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे परीक्षा से पूर्व केंद्रों के कक्षों और शौचालयों का निरीक्षण करें। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक एवं सहायक व्यवस्थापक से नो-रिलेशन प्रमाणपत्र लिया जाए और ड्यूटी पर लगाए गए शिक्षकों की सूची व मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए जाएं।

जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रत्येक पाली में 7104 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को कुल 6 पालियों में आयोजित होगी।

इसके अतिरिक्त सभी केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छता, शौचालय एवं संकेतक (साइन एज) की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी लगाना अनिवार्य किया गया है। रोडवेज बस अड्डे पर हेल्प डेस्क स्थापित किया जाएगा तथा वाहनों द्वारा ओवरचार्जिंग पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने निर्देशित किया कि परीक्षा से पूर्व रिहर्सल कराया जाए, ताकि सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।