तहसील कासगंज में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन

कासगंज, 16 मई 2026। जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में तहसील कासगंज सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे फरियादियों को संतोषजनक समाधान मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त होने वाले प्रत्येक प्रार्थना पत्र का गंभीरता से परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान बिजली के अधिक बिल आने, विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड बनवाने, भूमि की पैमाइश, अवैध कब्जा हटवाने, राजस्व एवं भूमि विवाद, उत्पीड़न तथा आपसी विवादों सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 69 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 17 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित शिकायतों का निर्धारित समयावधि में स्थलीय जांच कर प्रभावी एवं गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को राहत मिल सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, उपजिलाधिकारी संजीव कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 राजीव अग्रवाल, उपजिलाधिकारी न्यायिक, अधिशासी अभियंता विद्युत, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, समस्त खंड विकास अधिकारी, थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।