सारण (बिहार),1 अक्टूबर। जिला के तरैया प्रखंड अंतर्गत माधोपुर पंचायत के सगुनी गांव में बाढ़ के पानी के बीच पेड़ पर बैठे चीता को पटना से पहुंची वन विभाग की टीम ने गुरुवार को सुरक्षित पकड़ लिया. चीता के पकड़े जाने के बाद सगुनी समेत आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.
इसी तरह बाढ़ के पानी में बहकर एक हिरन का एक बच्चे भी गांव में आ गया जिसे ग्रामीणों ने सुरक्षित पकड़कर वन विभाग की टीम के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सगुनी गांव में सारण तटबंध के समीप बाढ़ के पानी में ग्रामीणों ने एक चीता देखा. माधोपुर पंचायत के मुखिया सह जदयू नेता सुशील कुमार सिंह समेत ग्रामीणों ने चीता को पानी से निकलकर तटबंध की ओर आते देखा.
चीता को देखते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. लोगों के शोर और भीड़ को देखकर चीता वापस बाढ़ के पानी में चला गया और पानी के बीच स्थित एक पेड़ पर चढ़कर बैठ गया. पेड़ पर चीता के बैठे होने की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया. तभी इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। फौरन वन विभाग ने मोर्चा संभाला और बाढ़ में बहकर आए चिता और एक हिरण का बच्चा को रेस्क्यू किया।