फर्रुखाबाद :(द दस्तक 24) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आगामी विशेष लोक अदालतों की तैयारियों और उनके व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर परा विधिक स्वयंसेवकों (PLV) की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव बिंदिया भटनागर ने की। इस दौरान उन्होंने स्वयंसेवकों को आमजन के बीच कानूनी जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव बिंदिया भटनागर ने कहा कि लोक अदालत आम नागरिकों को अपने मामलों का सरल, सुलभ और कम खर्च में निस्तारण कराने का प्रभावी माध्यम है। इसलिए PLV गांवों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक लोगों को लोक अदालत के महत्व और इसके लाभों की जानकारी दें, जिससे अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
उन्होंने विशेष रूप से 21 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली एनआई एक्ट की धारा 138 (चेक बाउंस) स्पेशल लोक अदालत के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही 28 नवंबर 2026 को माननीय जनपद न्यायाधीश की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालतों की जानकारी भी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने को कहा।
बैठक में यातायात चालान से संबंधित मामलों के निस्तारण को लेकर भी चर्चा की गई। सचिव ने निर्देश दिए कि स्वयंसेवक वाहन चालकों और आम नागरिकों को लंबित चालानों के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि परा विधिक स्वयंसेवक अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएं और लोगों को आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराने के लिए प्रेरित करें। बैठक का उद्देश्य विशेष लोक अदालतों के माध्यम से अधिक से अधिक लंबित मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करना तथा आमजन को न्याय सुलभ कराना रहा।