बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सियासी विवाद के बीच भाकपा माले ने पटना में जनसुनवाई शिविर लगाया, कांग्रेस और राजद के नेता भी शामिल हुए। पार्टी नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने दावा किया कि SIR के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए, जो जीवित हैं और मतदान के पात्र हैं.
दीपांकर ने कहा कि पार्टी ने बिहार के 10 विधानसभा क्षेत्रों के 110 बूथों पर घर-घर जाकर आंकड़े जुटाए हैं. उनके मुताबिक, औसतन 20 प्रतिशत लोगों के नाम बिना उचित कारण के काटे गए. उन्होंने दावा किया कि SIR के दौरान बिहार में करीब 70 लाख नाम हटाए गए, जिनमें लगभग 15 लाख नाम गलत तरीके से काटे गए हैं.
नेताओं ने कहा कि वोटर लिस्ट से जीवित मतदाताओं का नाम काटने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त सीधे दोषी हैं उन्हें यथाशीघ्र पद से हटा देना चाहिए।