कासगंज। किसानों को निर्धारित दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराने और खाद की बिक्री में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उर्वरक विभाग ने जिले में खाद विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान पांच दुकानों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। दुकानों पर न तो स्टॉक और रेट बोर्ड प्रदर्शित मिले और न ही उर्वरक के स्टॉक एवं बिक्री से संबंधित रजिस्टर उपलब्ध मिले। अभिलेख भी अधूरे पाए गए। विभाग ने पांचों विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
निरीक्षण के दौरान सहावर क्षेत्र के म्यासुर स्थित मेसर्स दिनेश जी खाद भंडार और मेसर्स सतनाम ट्रेडर्स एवं खाद बीज भंडार की जांच की गई। इसके अलावा सहावर स्थित मेसर्स दिनेश चंद्र गुप्ता खाद भंडार तथा बमनपुरा स्थित मेसर्स साम्य खाद भंडार और मेसर्स राजवीर खाद भंडार का निरीक्षण किया गया।
जांच में सभी पांच प्रतिष्ठानों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं मिलीं। नियमानुसार प्रत्येक उर्वरक विक्रेता को अपनी दुकान पर खाद का उपलब्ध स्टॉक और बिक्री दर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करनी होती है, ताकि किसानों को खाद की मात्रा और कीमत की सही जानकारी मिल सके। इसके साथ ही स्टॉक एवं बिक्री का नियमित रिकॉर्ड रखना भी अनिवार्य है। लेकिन निरीक्षण के दौरान इन व्यवस्थाओं में खामियां पाई गईं।
विभाग ने इसे उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 और शासन के निर्देशों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किए हैं। सभी को निर्धारित समय सीमा में अपना स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने या निर्धारित समय में जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने अन्य दुकानदारों को भी चेताया
उर्वरक विभाग ने जिले के अन्य खाद विक्रेताओं को भी सख्त निर्देश दिए हैं कि किसानों को निर्धारित दरों पर ही खाद उपलब्ध कराएं। दुकानों पर स्टॉक और रेट बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाएं तथा स्टॉक और बिक्री से संबंधित सभी अभिलेख अपडेट रखें। निरीक्षण के दौरान अनियमितता मिलने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।