जिला स्तरीय ट्रायल में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, अब अलीगढ़ में मंडलीय चयन प्रक्रिया में करेंगे प्रतिभाग
कासगंज। खेल के मैदान में जिले की प्रतिभाओं ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। स्पोर्ट्स स्टेडियम फरीदनगर, सोरों में गुरुवार को आयोजित जिला स्तरीय सीनियर पुरुष फुटबाल और सीनियर महिला कबड्डी चयन ट्रायल में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। प्रदर्शन के आधार पर पुरुष फुटबाल में छह और महिला कबड्डी में दस खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ी अब मंडलीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग कर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर जिला खेल कार्यालय कासगंज की ओर से दोनों खेलों के चयन ट्रायल आयोजित किए गए। पुरुष फुटबाल की प्रदेश स्तरीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रतियोगिता 16 से 23 नवंबर तक जनपद देवीपाटन में आयोजित होगी। इसके लिए जिला स्तरीय ट्रायल में अगम्य, भविष्य, सक्षम प्रताप सिंह, हर्ष यादव, प्रबल प्रताप सिंह और आलेख गुप्ता का चयन किया गया।
चयनित फुटबाल खिलाड़ी 13 नवंबर को सुबह 10 बजे महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम, अलीगढ़ में आयोजित मंडलीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे।
वहीं सीनियर महिला कबड्डी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 19 से 21 नवंबर तक जनपद अमरोहा में आयोजित होगी। जिला स्तरीय चयन ट्रायल में लक्ष्मी, सोनम, संगम, शीलू, नीतेश, शिवानी कुमारी, गुड़िया, नित्या, हर्षिता और साधना का चयन किया गया है।
महिला कबड्डी की चयनित खिलाड़ी 17 नवंबर को सुबह 11 बजे महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम, अलीगढ़ में मंडलीय चयन ट्रायल में हिस्सा लेंगी।
दोनों प्रतियोगिताओं में जिले के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। अब चयनित खिलाड़ियों की निगाहें मंडलीय ट्रायल पर टिकी हैं, जहां बेहतर प्रदर्शन के दम पर वे प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में जगह बनाने का प्रयास करेंगे।