Thursday, 12 November 2026 | 6:54 PM
उत्तर प्रदेश

कासगंज: ओपीडी से जन औषधि केंद्र तक व्यवस्थाओं की पड़ताल, दवाओं की उपलब्धता और निर्धारित कीमतों की ली जानकारी

Share:
कासगंज: ओपीडी से जन औषधि केंद्र तक व्यवस्थाओं की पड़ताल, दवाओं की उपलब्धता और निर्धारित कीमतों की ली जानकारी

कासगंज। जिला अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी प्रणय सिंह गुरुवार को अचानक जिला चिकित्सालय पहुंच गए। डीएम के औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हलचल मच गई। उन्होंने ओपीडी से लेकर प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों से जानकारी लेने के साथ मरीजों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत भी जानी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार कराने आए मरीजों से उनका हालचाल पूछा। उन्होंने विशेष रूप से जानकारी ली कि अस्पताल से उन्हें दवाएं निःशुल्क मिल रही हैं या नहीं। कहीं दवाओं के नाम पर उनसे पैसे तो नहीं वसूले जा रहे हैं। डीएम ने मरीजों से उपचार और अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी बातचीत की।

इसके बाद जिलाधिकारी ने ओपीडी का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति देखी। उन्होंने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं के प्रति गंभीर रहने के निर्देश दिए।

डीएम प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र भी पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्र का लाइसेंस, उपलब्ध दवाओं और उनके निर्धारित मूल्य की जानकारी प्राप्त की। दवाओं की कीमतों के संबंध में जानकारी लेकर यह भी देखा कि मरीजों को निर्धारित दरों पर दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं या नहीं।

जिलाधिकारी ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिला चिकित्सा अधीक्षक सहित संबंधित चिकित्सक और कर्मचारी मौजूद रहे।

अब सवाल यह है कि औचक निरीक्षण के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं में कितना सुधार होता है और मरीजों को दवाओं एवं उपचार की सुविधाएं कितनी आसानी से मिल पाती हैं।