Thursday, 12 November 2026 | 6:55 PM
उत्तर प्रदेश

गाजीपुर: सृष्टि सेवा ट्रस्ट की पहल पर वनवासी बस्ती में पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं, आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए; गांव के विकास में ट्रस्ट की भूमिका की हुई सराहना

Share:
गाजीपुर: सृष्टि सेवा ट्रस्ट की पहल पर वनवासी बस्ती में पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं, आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए; गांव के विकास में ट्रस्ट की भूमिका की हुई सराहना
बिरनो (गाजीपुर)।भवराहा गांव में गुरुवार को सृष्टि सेवा ट्रस्ट की ओर से संयुक्त स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। आजादी के बाद पहली बार आयोजित इस विशेष शिविर में सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। खास बात यह रही कि शिविर में वर्षों से सामाजिक और विकास की मुख्यधारा से पिछड़े वनवासी परिवारों की महिलाओं को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने की भी व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. रविरंजन मौजूद रहे। ग्राम प्रधान अनिल राजभर, संरक्षक राकेश कुमार यादव, ट्रस्ट के डायरेक्टर राजकुमार मौर्य, सचिव संतोष गुप्ता और कोषाध्यक्ष सावित्री देवी ,सहयोगी ,रामदुलार कुशवाहा , शोभा यादव,सोनम राजभर, शैलेन्द्र वनवासी कुसुम बनवासी सहित अन्य लोगों ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

स्वास्थ्य शिविर में नेत्र परीक्षण अधिकारी मनोज कुमार, एएनएम नीलम राजभर, महिला चिकित्सक डॉ. पूजा, डॉ. सत्यम, अजय कुशवाहा, आयुष्मान कार्ड से जुड़े प्रतिनिधि तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर के सीएचओ बाली कुमार समेत सीएससी मरदह के प्रतिनिधि मौजूद रहे। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।

ट्रस्ट के डायरेक्टर राजकुमार मौर्य ने बताया कि भवराहा गांव के विकास और यहां रहने वाले वंचित परिवारों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सृष्टि सेवा ट्रस्ट लगातार प्रयासरत है। ट्रस्ट की पहल पर अधिकारियों से संपर्क कर गांव की समस्याओं को उठाया जाता रहा है। इसी प्रयास का परिणाम है कि आजादी के बाद पहली बार गांव में सड़क निर्माण का कार्य शुरू हुआ। अब गांव में सीसी सड़क, साफ-सफाई और अन्य विकास कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य शिविर आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक स्वास्थ्य, शिक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही। स्थानीय लोगों ने सृष्टि सेवा ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से वर्षों से उपेक्षित परिवारों को पहली बार अपने गांव में स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।