Friday, 25 September 2026 | 9:07 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद:नशे के विरुद्ध प्रशासन सख्त, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने दिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

फर्रुखाबाद कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय NCORD समिति की मासिक बैठक एवं “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान की त्रैमासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में नशीली दवाओं पर नियंत्रण, जनजागरूकता, नशा मुक्ति केंद्रों की सक्रियता और प्रवर्तन कार्रवाई को लेकर संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
Share:
फर्रुखाबाद:नशे के विरुद्ध प्रशासन सख्त, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने दिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
Read in your preferred language.

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 24 सितंबर 2026 जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से 24 सितंबर 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय NCORD समिति की मासिक बैठक एवं “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान के अंतर्गत त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में समाज कल्याण, आबकारी, पुलिस, अभियोजन, शिक्षा, चिकित्सा, वन, कृषि, परिवहन सहित अन्य संबंधित विभागों की कार्ययोजनाओं और कार्रवाई की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में नशीली दवाओं एवं नारकोटिक्स के प्रयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा विद्यालयों, महाविद्यालयों, समितियों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम, गोष्ठियां एवं संवाद आयोजित करने को कहा गया।

नारकोटिक्स से संबंधित दर्ज अभियोगों की समीक्षा करते हुए पुलिस, अभियोजन एवं आबकारी विभाग को प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने तथा अभियोजन संबंधी कार्यवाहियों को समयबद्ध रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

समाज कल्याण विभाग को जनपद में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की सक्रियता बढ़ाने तथा आमजन को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाने के साथ-साथ नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता और अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित कर जागरूकता बढ़ाने को कहा गया।

चिकित्सा विभाग को मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच करने तथा प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं आबकारी विभाग को आबकारी दुकानों की सघन जांच और नशे के बढ़ते प्रयोग पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी ढंग से कार्य करें।