Friday, 25 September 2026 | 9:54 AM
उत्तर प्रदेश

सम्यक पार्टी खंडित राजनीतिक शक्तियों को अखंड लोकतांत्रिक शक्ति के रूप में संगठित करेगी: मनोहर बौद्ध

Share:
सम्यक पार्टी खंडित राजनीतिक शक्तियों को अखंड लोकतांत्रिक शक्ति के रूप में संगठित करेगी: मनोहर बौद्ध
Read in your preferred language.
झांसी। सम्यक पार्टी देश की राजनीति में बिखरी हुई लोकतांत्रिक शक्तियों को एकजुट कर एक अखंड लोकतांत्रिक राजनीतिक शक्ति के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। पार्टी का लक्ष्य केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन और विचारधारा दोनों स्तरों पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को स्थापित करते हुए व्यापक जनभागीदारी वाला राजनीतिक संगठन खड़ा करना है। यह बात सम्यक पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी मनोहर बौद्ध ने कही।

झांसी जिले के मऊरानीपुर कस्बे में गरौठा चौराहा स्थित लवावली कॉम्प्लेक्स में आयोजित नगर बैठक में मनोहर बौद्ध ने कहा कि देश की राजनीति लंबे समय से विभिन्न राजनीतिक खेमों और समूहों में विभाजित दिखाई देती है। ऐसे समय में सम्यक पार्टी का प्रयास लोकतांत्रिक सोच रखने वाली राजनीतिक शक्तियों को एक व्यापक और अखंड लोकतांत्रिक राजनीतिक मंच से जोड़ने का है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान और चुनाव की प्रक्रिया तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन के भीतर निर्णय लेने की प्रक्रिया, नेतृत्व के निर्माण, विचार-विमर्श और नीतियों के निर्धारण में भी लोकतांत्रिक भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सम्यक पार्टी पूर्ण लोकतांत्रिक पार्टी है और इसकी लोकतांत्रिकता संगठन तथा विचारधारा दोनों में निहित है। पार्टी ऐसी राजनीतिक संस्कृति विकसित करना चाहती है, जिसमें कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी, संवाद, समान अवसर तथा सामूहिक निर्णय को महत्व मिले। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राजेश पांचाल ने की। उन्होंने पार्टी की विचारधारा को समझते हुए संगठन को मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को लोकतांत्रिक राजनीतिक प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर दिया। नगर अध्यक्ष अजय कुमार ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का माला पहनाकर स्वागत किया।

इस अवसर पर संगठन विस्तार के क्रम में जयप्रकाश खड़ौरा को मऊरानीपुर विधानसभा का उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को विधानसभा स्तर पर मजबूत करने तथा पार्टी के लोकतांत्रिक विचारों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम के आयोजक नगर उपाध्यक्ष रामबाबू गौतम रहे। बैठक में नगर एवं क्षेत्र के सैकड़ों स्थानीय लोग तथा पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नगर उपाध्यक्ष भूपेंद्र जी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।