सीनियर पुरुष फुटबॉल में चार और महिला कबड्डी में दस खिलाड़ियों का चयन, खेल विभाग ने जारी की सूची
कासगंज। जिले के खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर अपनी मेहनत और खेल कौशल के दम पर मंडलीय स्तर पर जगह बनाई है। जिला खेल कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता और राज्य स्तरीय सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए कासगंज के खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर 16 से 23 नवंबर 2026 तक जनपद देवरिया में प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके लिए 12 नवंबर को जिला खेल कार्यालय की ओर से जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल स्पोर्ट्स स्टेडियम फरीदनगर, सोरों में कराया गया। चयनित खिलाड़ियों में अगम्य, भविष्य, सक्षम प्रताप सिंह, हर्ष यादव, प्रबल प्रताप सिंह और आलेख गुप्ता शामिल हैं।
ये खिलाड़ी 13 नवंबर को प्रातः दो बजे अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम, अलीगढ़ में मंडलीय चयन एवं ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे।
इसी क्रम में राज्य स्तरीय सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता 19 से 21 नवंबर तक जनपद अमरोहा में आयोजित होगी। इसके लिए 12 नवंबर को स्पोर्ट्स स्टेडियम फरीदनगर, सोरों में जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल कराया गया। इसमें लक्ष्मी, सोमन, संगम, शीलू, नितेश, शिवानी कुमारी, गुड़िया, नित्या, हर्षिता और साधना का चयन किया गया है।
चयनित महिला खिलाड़ी 17 नवंबर को सुबह 11 बजे महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम, अलीगढ़ में मंडलीय चयन एवं ट्रायल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
जिला खेल कार्यालय ने चयनित खिलाड़ियों को निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल प्रेमियों और खेल जगत में उत्साह है। अब सभी की निगाहें मंडलीय ट्रायल पर टिकी हैं, जहां खिलाड़ियों को आगे की प्रतियोगिता में जगह बनाने का अवसर मिलेगा।