फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) 17 अक्टूबर 2026 बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) फर्रुखाबाद में 30 दिवसीय सेलफोन रिपेयरिंग एंड सर्विस प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ प्रबंधक, एलडीएम कार्यालय, श्री विवेक कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के निदेशक श्री ओमेन्द्र सिंह द्वारा मुख्य अतिथि श्री विवेक कुमार का स्वागत करते हुए की गई। इसके बाद मुख्य अतिथि ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर श्री विवेक कुमार ने कहा कि मोबाइल रिपेयरिंग एवं सर्विसिंग के क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। युवा इस कौशल को सीखकर अपना रिपेयरिंग सेंटर या सर्विस शॉप स्थापित कर सफल व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कौशल विकास प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर आवश्यक तकनीकी सेवाएं उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन संस्थान के संकाय सदस्य श्री दिव्यांशु मिश्रा ने किया। उन्होंने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
समापन अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों ने संस्थान एवं मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें सेलफोन रिपेयरिंग शॉप स्थापित करने, तकनीकी क्षेत्र में व्यवसाय शुरू करने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक जानकारी एवं आत्मविश्वास प्राप्त हुआ है।
बैंक ऑफ इंडिया RSETI फर्रुखाबाद की ओर से कहा गया कि भविष्य में भी ग्रामीण युवाओं एवं युवतियों के कौशल विकास तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के उपयोगी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।