7 में 8 साल के शाहरुख की मौत के बाद नगर निगम जागा

जानकीपुरम सेक्टर 7 में 8 साल के शाहरुख की मौत के बाद नगर निगम जागा है। नगर आयुक्त ने मामले की रिपोर्ट शासन को भेजी है। इसमें जेई, सुपरवाइज़र , कार्यदायी संस्था के साथ – साथ अब एक्सईएन को भी जिम्मेदार ठहराया गया है। बताया जा रहा है कि इसमें कार्यदायी संस्था को जहां ब्लैक लिस्ट किया जाएगा वहीं बाकी तीन लोगों को सस्पेंड किया जाएगा।
जलकल के अधिकारियों की लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ है। ऐसे में नगर आयुक्त ने उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की संस्तुति कर दी है। पहली बार अधिशासी अभियन्ता स्तर के इंजीनियर के खिलाफ कार्रवाई की रिपोर्ट भेजी गयी है। अवर अभियन्ता व सुपरवाइज़र को भी जिम्मेदार बनाया गया है। नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने कहा कि भविष्य में इस तरह के हादसे न हो, इसके सख्त निर्देश दिए गए हैं जिम्मेदारी तय की गई है
नगर युक्त इंद्रजीत सिंह ने बताया पीड़ित परिवार को जलकल ने पांच लाख रुपए का चेक दे दिया गया है। मंगलवार की साढ़े 11 बजे के बाद ही चेक दे दिया गया था। जलकल के प्रभारी जीएम ने खुद जाकर चेक सौंपा। उन्होंने बताया इसके अलावा भी परिवार की मदद के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। नगर निगम व आपदा प्रबंधन से मदद दिलाने का काम किया जाएगा।
नगर निगम ने पूरे शहर में खुले सीवर के मेनहोल ढकने का अभियान शुरू कर दिया। जलकल विभाग व निजी संस्था सुएज ने मिलकर करीब 100 से अधिक खुले मेन होल ढके। हालांकि इनकी संख्या कहीं ज्यादा है। नगर आयुक्त ने जलकल विभाग को प्रत्येक दिन जोनवार निरीक्षण कर सीवर लाइन के टूटे या खुले मेनहोल को उसी दिन कवर करने के निर्देश दिए।
तीन दिन में इस आशय का प्रमाण पत्र मांगा गया है कि किसी भी जोन में कोई भी मेनहोल वर्तमान स्थिति में बिना कवर या टूटा फूटा नहीं है। नियमित रूप से सुपरवाइजर व अवर अभियंता एक रजिस्टर बनवाकर दर्ज करेंगे। भविष्य की किसी भी घटना के लिए कार्यदाई संस्था व विभाग के सुपरवाइजर अवर अभियंता व नगर अभियंता महाप्रबंधक की जिम्मेदारी होगी
अभियंत्रण विभाग, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी सभी सड़कों गलियों का निरीक्षण कर प्रत्येक दिन रिपोर्ट देंगे व रजिस्टर में दर्ज करेंगे, यदि कहीं खुला मैनहोल पाया जाता है तो तत्काल जलकल विभाग उस पर कार्रवाई करेगा। भविष्य में किसी विभागीय लापरवाही के कारण कोई दुखद दुर्घटना ना हो इसके लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी निर्धारित कर दी गई है। नगर निगम क्षेत्र में कुल 72 सीवर मैनहोल को ठीक व बदल गया है तथा यह कार्रवाई प्रतिदिन जारी रहेगी।
मार्ग प्रकाश विभाग को कहा गया है कि अगले 7 दिनों में समस्त क्षेत्र के मार्ग प्रकाश के खम्बों पर खुले जंक्शन बॉक्स को कवर करें। टेपिंग करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। प्रतिदिन जंक्शन बॉक्स सही करने व अर्थिंग सही करने की भी समीक्षा की जाएगी। मार्ग प्रकाश के खम्बों पर विद्युत करंट के कारण किसी भी दुर्घटना के लिए कार्यदायी संस्था ईईएसएल व विभाग के अवर अभियंता, सहायक अभियंता व मुख्य अभियंता भी जिम्मेदार ठहराए जाएंगे।