कॉमेडियन प्रणित मोरे बीते कुछ दिनों से विवादों में घिरे हुए हैं। उनके शो में 370 बिरयानी वाले कमेंट के बाद उनकी काफी आलोचना हो रही है। इस बीच स्टैंड-अप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी ने भी इस मामले पर बयान दिया है। अब इस पूरे मामले पर कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी ने भी अपनी बात रखी है। उन्होंने पहले भी इस शो में हुई बातचीत पर सवाल उठाए थे। अब उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस मुद्दे को यहीं खत्म किया जाए। इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर करते हुए मुनव्वर ने कहा, ‘मुझे लगता है अब हम सबको रुक जाना चाहिए। कॉमेडियन ने बहुत गलत बात कही, क्राउड वर्क में भी बहुत गलत बातें हुईं। उस लड़के ने भी जो कहा, मैं उससे सहमत नहीं हूं। मुझे वो बातें सुनना पसंद नहीं आया, लेकिन हर चीज की एक सीमा होती है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘एफआईआर हो गई, नौकरी चली गई, करियर खत्म हो गया, समाज में इज्जत चली गई- सब कुछ हो चुका है। उन्होंने जो कहा, उसके लिए उन्हें बहुत कुछ भुगतना पड़ा है। लेकिन अब रुक जाओ। कंटेंट के नाम पर जो उन्हें बार-बार घसीटा जा रहा है, वो बंद करो।’
मुनव्वर ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, ‘उन्होंने जो कहा, उसकी सजा उन्हें मिल चुकी है। जब किसी की हालत बहुत खराब हो जाएगी, तब समझ आएगा। अब बस करो। हर चीज की एक लिमिट होती है। कानूनी तौर पर जो होगा, वो होगा, लेकिन अब आप लोग शांत हो जाओ।’
क्या है पूरा मामला : प्रणित मोरे का यह विवाद एक वायरल वीडियो से शुरू हुआ था, जिसमें शो के दौरान एक दर्शक ने महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक बात कही थी। उस व्यक्ति ने इशारा किया था कि 370 खर्च करने के बाद उसे शारीरिक संबंध का हक मिलना चाहिए। इस पर प्रणित मोरे हंसते नजर आए, जिसके लिए उन्हें काफी आलोचना झेलनी पड़ी। लोगों का कहना था कि उन्हें उस वक्त उस बयान का विरोध करना चाहिए था।
