फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 मार्च 2026 जनपद के विकास और बेहतर रेल सुविधाओं को लेकर फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत ने राजधानी नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की जनता से जुड़े महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को लेकर एक पत्र सौंपते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।
सांसद मुकेश राजपूत ने रेल मंत्री के समक्ष कासगंज-अलीगढ़ के मध्य नई रेल लाइन के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उनका कहना है कि इस नई रेल लाइन के निर्माण से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को सीधा व सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा उन्होंने ट्रेन संख्या 14316/14315 नई दिल्ली-बरेली एक्सप्रेस को फर्रुखाबाद जंक्शन तक विस्तारित करने की मांग की। सांसद ने बताया कि इस ट्रेन के फर्रुखाबाद तक संचालन से जनपद के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और दिल्ली के लिए यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनता को अब उम्मीद है कि इन प्रस्तावों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे फर्रुखाबाद की रेल कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है।
