भारतीय महिला टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने इतिहास रच दिया है। वह पुरुषों और महिलाओं को मिलाकर टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बन गई हैं। इस मामले में उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया। अब वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में दुनिया भर के बल्लेबाजों को मिलाकर बाबर आजम को पीछे छोड़ने के करीब हैं। हालांकि, भारतीय महिला टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। डरबन के किंग्समीड स्टेडियम में खेले गए भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच में मंधाना हालांकि बड़ी पारी नहीं खेल सकीं। वह सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन इन 13 रनों की बदौलत उन्होंने रोहित के 4231 रनों के आंकड़े को पार कर लिया। अब मंधाना के नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय में 161 मैचों की 155 पारियों में 4244 रन दर्ज हो गए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 124.39 का रहा है। इसमें 33 अर्धशतक और एक शतक शामिल है।
वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके रोहित ने 159 टी20 की 151 पारियों में 4231 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 140.90 का रहा था। इनमें 32 अर्धशतक और पांच शतक शामिल हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय में पुरुषों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के बाबर आजम के नाम है। बाबर ने 145 मैचों में 128.02 के स्ट्राइक रेट से 4596 रन बनाए हैं। इनमें 39 अर्धशतक और तीन शतक शामिल हैं। मंधाना बाबर के आंकड़े से 352 रन दूर हैं। वहीं, महिलाओं में टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के नाम हैं। बेट्स ने 181 मैचों में 4717 रन बनाए हैं।
