फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अप्रैल 2026 जनपद में पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए कई पुलिसकर्मियों के कार्यभार में बदलाव किया है। लापरवाही बरतने के आरोप में चौकी इंचार्ज स्तर पर कड़ा कदम उठाते हुए तत्काल प्रभाव से जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
बीती रात जारी आदेश के अनुसार कायमगंज क्षेत्र के चौकी प्रभारी बलवीर सिंह डांगी को उनके पद से हटाकर मानीटरिंग सेल का प्रभारी बनाया गया है। वहीं घुमना चौकी प्रभारी अमित कुमार गुप्ता को लाइन हाजिर कर दिया गया है, जिससे पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
इसके अलावा अन्य उप निरीक्षकों के भी तबादले किए गए हैं। थाना राजेपुर में तैनात उप निरीक्षक अमित कुमार को थाना कादरीगेट भेजा गया है। कोतवाली मोहम्मदाबाद के उप निरीक्षक अरविंद अवस्थी को थाना राजेपुर में नई तैनाती दी गई है। वहीं कोतवाली कायमगंज के उप निरीक्षक सुरजीत सिंह को थाना कमालगंज स्थानांतरित किया गया है।
इसी क्रम में उप निरीक्षक भोलाराम को अंगुष्ठ छाप (फिंगरप्रिंट) का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई को विभाग में अनुशासन और कार्यकुशलता बनाए रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
