फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 मार्च 2026 जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के नेतृत्व में कादरीगेट थाना क्षेत्र में हुई ई-रिक्शा सवार महिला के कुंडल लूट की घटना का मात्र 12 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल बदमाश ग्राम लकूला के पास स्थित कैलाश ईंट भट्ठे के निकट मौजूद हैं। इस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस के ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान दीपक उर्फ बाबा यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है।
इसके अलावा, पुलिस ने एक अन्य आरोपी को भी हिरासत में लिया है, जो इस लूट की वारदात में शामिल बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक स्कूटी तथा लूट का पूरा माल बरामद कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई कादरीगेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत की गई है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।
