गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोला गोकर्णनाथ द्वारा मंगलवार को नीलकंठ मैदान में विशाल युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में गोला नगर, बिजुआ खंड एवं निकटवर्ती क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों से 800 से अधिक युवा विद्यार्थी एवं युवा साथी सम्मिलित हुए। युवाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता से पूरा परिसर उत्साह और राष्ट्रभाव से ओतप्रोत दिखाई दिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र संपर्क प्रमुख श्री मनोज जी का पाथेय प्राप्त हुआ। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ऊर्जा है। राष्ट्र के वर्तमान और भविष्य को सशक्त बनाने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से अपने जीवन को अनुशासन, संस्कार, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति से जोड़ते हुए राष्ट्र एवं समाज के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। श्री मनोज जी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन की सार्थकता केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों में नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए किए गए योगदान में निहित है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच, चरित्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का आह्वान किया। सम्मेलन में विभिन्न विद्यालयों से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभाव, सामाजिक दायित्व, अनुशासन एवं सकारात्मक नेतृत्व की भावना को जागृत करना रहा। मंच संचालन के दायित्व का निर्वहन शशिकांत जी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रचारक श्री आकाश जी, नगर सहसंघचालक श्री कौशल जी, नगर कार्यवाह श्री महेंद्र पाठक, प्रचार प्रमुख इं. मिलिंद शुक्ल, बिजुआ खंड कार्यवाह श्री विवेक जी, हेमंत जी सहित संघ के विभिन्न दायित्ववान स्वयंसेवक एवं हजारों की संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे।
