गोला गोकर्णनाथ।- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संपूर्ण देश में अपने शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पथ संचलन एवं एकत्रीकरण के कार्यक्रम मंडल एवं बस्ती स्तर पर आयोजित कर रहा है। इसी क्रम में गोला गोकर्णनाथ नगर में रविवार को संघ का भव्य पथ संचलन निकाला गया। पथ संचलन का शुभारंभ श्री सिद्धि विनायक गेस्ट हाउस से हुआ, जो नानक चौकी, सिनेमा रोड, अलीगंज मार्ग, बड़ा चौराहा, लखीमपुर रोड होते हुए पुनः श्री सिद्धि विनायक पैलेस पर संपन्न हुआ। इस दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन, एकता और राष्ट्रभक्ति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पथ संचलन कार्यक्रम में मुख्य वक्ता संजय जी सह प्रांत प्रचारक अवध प्रांत का प्रेरक उद्बोधन रहा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता संजय जी, सह प्रांत प्रचारक (अवध प्रांत) ने कहा “सभी चुनौतियों का केवल एक ही समाधान है — सशक्त और संगठित हिंदू।
इसके लिए आवश्यक है कि हम प्रतिदिन एक घंटा शाखा को दें।
हमारे पास 24 घंटे हैं — जैसे भारत को तोड़ने वालों, विधर्मियों और सनातनी संस्कृति को बदनाम करने वालों के पास हैं। अब यह हमें विचार करना है कि हम इन 24 घंटों में से राष्ट्रकार्य के लिए कितना समय दे सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा — संघ का शताब्दी वर्ष चल रहा है। क्या हम, विशेषकर युवा और तरुण, एक या दो वर्ष का समय राष्ट्रकार्य को दे सकते हैं?
क्या हम अपनी खेती किसी को सौंपकर, घर-परिवार की जिम्मेदारियाँ बांटकर छह महीने या एक वर्ष के लिए राष्ट्रकार्य हेतु समर्पित हो सकते हैं?
क्या हम प्रतिदिन दो घंटे — एक शाखा और एक संपर्क कार्य के लिए — निकाल सकते हैं? अब समय है कि हम अपने मन को दृढ़ करें और भारत माता के लिए पूर्ण समर्पण का संकल्प लें।
युवाओं को “पंच परिवर्तन” की ओर प्रेरित किया
संजय जी ने संघ की विचार यात्रा, सांस्कृतिक मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण में संघ की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवाओं को “पंच परिवर्तन” की अवधारणा अपनाने हेतु प्रेरित किया, जिसमें पाँच प्रमुख विषय शामिल हैं —
- सामाजिक समरसता — समाज में भेदभाव मिटाकर एकात्मता और सद्भाव का भाव जागृत करना।
- कुटुंब प्रबोधन — परिवारों में संस्कार, संवाद और संगठन की भावना विकसित करना।
- पर्यावरण संरक्षण — प्रकृति के प्रति संवेदनशील होकर वृक्षारोपण, जल-संरक्षण और स्वच्छता को अपनाना।
- स्वदेशी जागरण — भाषा, भोजन, भजन, भूषा सभी को अपनी भारतीय परंपरा के अनुरूप अपनाना; देशी उत्पादों का उपयोग कर आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ना।
- नागरिक कर्तव्य एवं अनुशासन — समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझकर अनुशासित, जिम्मेदार और सजग नागरिक बनना।
इस अवसर पर नगर संघचालक विजय वर्मा, नगर कार्यवाह महेंद्र नाथ पाठक, सह जिला कार्यवाह विवेक वर्मा सहित स्वयंसेवक गोला विधायक अमन गिरी, स्वयंसेवक गोला नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू सहित गोला नगर के हज़ारों स्वयंसेवक गणवेश में उपस्थित रहे।
पूरे नगर में पथ संचलन का स्वागत विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ किया गया।
संवाददाता – अनुज कुमार गुप्ता
