लखीमपुर खीरी : सावन मेले को लेकर तैयारियां तेज, डीएम की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक

गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज़) छोटी काशी गोला के नाम से विख्यात गोला गोकर्णनाथ में सावन माह मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद गोला के सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों व नगर के गणमान्य नागरिकों से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए गए तथा सभी संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं एवं सुगम व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग व मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, रूट डायवर्जन, साफ-सफाई और बैरिकेडिंग से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को माइक्रो प्लानिंग के साथ तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा सुरक्षा और सुगमता के साथ सफल सावन मेला सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने कहा हम सभी का संकल्प है कि छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ आने वाले प्रत्येक शिवभक्त का स्वागत उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और सेवा भाव के साथ किया जाए तथा इस वर्ष का सावन मेला आस्था, अनुशासन और सुव्यवस्थित प्रबंधन का उत्कृष्ट उदाहरण बने।
बैठक में शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष जनार्दन गिरि, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतोष गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक पवन कुमार गौतम, उपजिलाधिकारी युगांतर त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी महक शर्मा, प्रभारी निरीक्षक अम्बर सिंह सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी व कर्मचारीगण एवं नगर के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Comment