लखीमपुर खीरी : पुलिस ने 94 किलो अवैध पटाखा पकड़ा,एक गिरफ्तार

गोला गोकर्णनाथ,(द दस्तक 24 न्यूज़) गोला तहसील के मैलानी कस्बे के वार्ड नंबर 9 स्थित एक मकान से शनिवार को पुलिस ने 94 किलो अवैध पटाखा बरामद कर मैलानी कस्बे के वार्ड नंबर 9 निवासी रवि गुप्ता को गिरफ्तार किया।कस्बा इंचार्ज की तहरीर पर पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को न्यायालय के समक्ष पेश किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार मौर्या ने बताया कि वार्ड नंबर 9 में मारवाड़ी मोहल्ले जाने वाले मार्ग के पास एक मकान में दीपावली पर बिक्री के लिए पटाखों का अवैध भंडारण किया गया है।पुलिस फोर्स ने मकान में दबिश दी वहां मौजूद एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा पर उसे दबोच लिया गया। मकान की तलाशी में एक कमरे से पाँच गत्ते में रखा 94 किलो अवैध पटाखा बरामद हुआ।थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध विधिक कार्यवाही कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।