लखीमपुर खीरी : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह का हुआ भव्य शुभारम्भ, स्वस्थ जीवन का मिला मंत्र

गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं योग सप्ताह के अंतर्गत गोला गोकर्णनाथ स्थित नीलकंठ मैदान में सोमवार को योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 15 जून से 21 जून तक चलने वाले योग सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन ने सहभागिता कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। योग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है बल्कि मानसिक रूप से भी संतुलित और सकारात्मक बना रहता है। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात योगा मास्टर ट्रेनर शशिकांत दीक्षित, योग प्रशिक्षक कुलदीप वर्मा, योगाचार्य देवेन्द्र गिरी एवं नरेन्द्र वर्मा द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगा मास्टर ट्रेनर र्ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि जीवन को संतुलित और स्वस्थ बनाने की एक संपूर्ण पद्धति है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा व्यक्ति स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने में सक्षम बनता है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग की उपयोगिता और भी बढ़ गई है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर न केवल वर्तमान को स्वस्थ बनाया जा सकता है बल्कि वृद्धावस्था को भी अधिक सक्रिय, ऊर्जावान एवं सम्मानजनक बनाया जा सकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। आयोजकों ने बताया कि 21 जून तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, योग शिविर एवं सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किए जाएंगे। योग सप्ताह के प्रथम दिन आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से जनपदवासियों को योग को दैनिक जीवन में अपनाने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों से प्रतिदिन योग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष विनोद स्वर्णकार, भाजपा वरिष्ठ नेता सुरजन लाल वर्मा, तहसीलदार भीमचंद्र, अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार मिश्र, डॉ अर्चना, डॉ डालचंद, डॉ जयदीप, डॉ नवनीत सहित सैकड़ो की संख्या में नगर के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Comment