लखीमपुर खीरी : गोला के लाल का स्विट्जरलैंड में रिसर्च प्रोजेक्ट के लिए हुआ चयन

गोला गोकर्णनाथ- गोला नगर के प्रतिष्ठित विद्यालय वि०कु०स्मा० सरस्वती विद्या निकेतन इण्टर कॉलेज, गोला गोकर्णनाथ के पूर्व छात्र देवांश त्रिपाठी स्विट्ज़रलैंड स्थित विश्व के शीर्ष दस विश्वविद्यालयों में सम्मिलित ETH यूनिवर्सिटी, ज़्यूरिख में रिसर्च प्रोजेक्ट हेतु चयनित हुये हैं । देवांश मई 2025 में, रिसर्च प्रोजेक्ट के लिए ETH ज्यूरिख, स्विटजरलैंड जा रहे हैं। इनके रिसर्च प्रोजेक्ट को ETH ज्यूरिख द्वारा प्रदान की गई छात्रवृत्ति द्वारा पूरी तरह से वित्त पोषित किया जा रहा है। छात्रवृत्ति दुनिया भर से आवेदन आमंत्रित करती है और फिर पूर्ण वित्त पोषण के लिए कुछ छात्रों का चयन करती है। ETH ज्यूरिख को स्विटजरलैंड सरकार के शिक्षा और आर्थिक मामलों के विभाग द्वारा चलाया जाता है।
ETH ज्यूरिख एमआईटी, हार्वर्ड, ऑक्सफोर्ड के मध्य विश्व का शीर्ष 7वां विश्वविद्यालय है।

कक्षा नर्सरी से इण्टरमीडिएट तक के संस्थागत छात्र रहे देवांश त्रिपाठी ने हाईस्कूल परीक्षा वर्ष 2020 में 90.5% अंकों के साथ जनपद में द्वितीय स्थान प्राप्त किया एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2022 में 83% अंक प्राप्त किये थे। वर्तमान में ये IISER, तिरुवनंतपुरम में एप्लाइड मैथमेटिक्स से BSMS के छात्र हैं। ज्ञात हो, वर्ष 2024 में देवांश एक रिसर्च प्रोजेक्ट के लिए टाटा इंस्टिट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च(TIFR), बंगलुरु भी जा चुके हैं।
देवांश त्रिपाठी के पिता श्री धर्मेंद्र कुमार त्रिपाठी इसी विद्यालय में शिक्षक हैं एवं माता श्रीमती कल्पना त्रिपाठी गृहिणी हैं। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य श्री महेंद्र कुमार त्रिपाठी एवं बालिका विभाग की प्राचार्या श्रीमती मधु त्रिपाठी ने हर्ष व्यक्त करते हुए देवांश त्रिपाठी के उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य के लिये शुभकामनाएँ दींl

संवाददाता – अनुज कुमार गुप्ता

Leave a Comment