लखीमपुर खीरी : ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप एवं माइक्रोड्रिल आधारित कान की सर्जरी की हुई शुरुआत

लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज) स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध जिला चिकित्सालय, लखीमपुर खीरी के नाक-कान-गला (ईएनटी) विभाग में ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप एवं माइक्रोड्रिल आधारित कान की सर्जरी की शुरुआत की गई। इसी क्रम में ईएनटी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. मनोज शर्मा द्वारा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ आर के कोली की उपस्थिति में टिम्पैनोप्लास्टी (कान के पर्दे का पुनर्निर्माण) एवं मास्टॉइडेक्टॉमी (कान के पीछे की हड्डी में संक्रमण एवं गलाव की सफाई) की शल्य प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण की गई। इसके साथ ही उन्नत ईएनटी सेवा जनपद को समर्पित हुई। चिकित्सकों ने बताया कि लंबे समय से कान बहने, सुनने की क्षमता में कमी तथा कान की पुरानी बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए मास्टॉइडेक्टॉमी के दौरान माइक्रोड्रिल की सहायता से कान के पीछे की हड्डी में मौजूद संक्रमणग्रस्त एवं गली हुई हड्डी को सुरक्षित रूप से निकाला जाता है। इस तकनीक के उपयोग से सर्जरी अधिक सटीक एवं प्रभावी बनती है तथा कान के ऑपरेशन के सफल होने की संभावना में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। प्रधानाचार्या डॉ. वाणी गुप्ता ने इस उपलब्धि पर ईएनटी विभाग को बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय एवं संबद्ध जिला चिकित्सालय निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी मरीजों को जटिल से जटिल बीमारियों का आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराया जाता रहेगा। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. के. कोली ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस सुविधा के उपलब्ध होने के बाद जनपद के मरीजों को कान की जटिल सर्जरियों के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्हें स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ उपचार की सुविधा प्राप्त हो सकेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की उन्नत एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं आमजन के लिए उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।

Leave a Comment