लखीमपुर खीरी : मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी, डीएम ने सुपरवाइजर बीएलओ को किया सम्मानित

लखीमपुर खीरी : ( द दस्तक 24 न्यूज ) लखीमपुर खीरी में मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी किया गया। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ और सुपरवाइजरों को सम्मानित किया तथा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से मतदाता बनने की अपील की।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार SIR प्रक्रिया के अंतर्गत लखीमपुर के मतदान केंद्र पर मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह के साथ सभी बूथों की ड्राफ्ट मतदाता सूची जनता के लिए उपलब्ध कराई।
कार्यक्रम का सफल संचालन एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह द्वारा किया गया। ड्राफ्ट प्रकाशन के दौरान नागरिकों को अपने नाम, पता, आयु व अन्य विवरणों के सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन का पूरा अवसर प्रदान किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच बीएलओ और तीन सुपरवाइजरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। डीएम ने सभी सम्मानित सुपरवाइजर, बीएलओ की सराहना करते हुए कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है।अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि मतदाता सूची का यह पुनरीक्षण केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि लोकतंत्र में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का माध्यम है। उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजरों की मेहनत की सराहना की और कहा कि उनकी तत्परता से सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाया जा सका है। कार्यक्रम के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के लिए फॉर्म-6 भरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इस फॉर्म को भरकर वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वा सकते हैं। साथ ही आप एक जगह से दूसरी जगह अपना वोट ट्रांसफर भी इसी फॉर्म के जरिए कर सकते हैं।
इस अवसर पर तहसीलदार मुकेश कुमार,बीएलओ,सुपरवाइजर, छात्र-छात्राओं सहित नगर के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।