लखीमपुर खीरी – डॉक्टर्स डे पर स्वास्थ्य का संदेश लेकर डॉक्टरों ने निकाली साइकिल रैली

लखीमपुर खीरी- एक जुलाई को डॉक्टर्स डे के पावन अवसर पर प्राइवेट मेडिकल प्रोफेशनल वेलफेयर एसोसिएशन (PMPWA) द्वारा आयोजित साइकिल रैली का आयोजन किया गया जिसमे नगरवासियों को स्वास्थ्य,अनुशासन और जागरूकता का संदेश दिया गया इस अवसर पर न केवल चिकित्सकों ने बल्कि उनके परिजनों और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर इस आयोजन को प्रेरणादायक बना दिया।सौजन्या चौक से प्रारंभ हुई रैली का शुभारंभ संस्था के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ रमेश मेहरोत्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली मुख्य मार्ग नौरंगाबाद चौराहा, मिश्राना तिराहा, मेला मैदान, संकटा देवी चौराहा, बड़ा चौराहा, हमदर्द दवाखाना, शाहपुरा कोठी होते हुए पीएमपीडब्ल्यूए भवन पर समाप्त हुई। रैली में चिकित्सकों ने अपने इस जनजागरण अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया कि नियमित व्यायाम न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करता है, बल्कि मानसिक प्रसन्नता और रोगमुक्त जीवन का आधार भी बनता है।रैली के उपरांत पीएमपीडब्ल्यूए भवन पर विविध खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ जिसमें चिकित्सकों ने तन-मन से भाग लिया।बैडमिंटन डबल्स में डॉ शोकरन वर्मा एवं डॉ अनिल वर्मा विजेता रहे, वहीं डॉ एम आर खान एवं डॉ नित्य मेहरोत्रा उपविजेता घोषित किए गए टेबल टेनिस में डॉ आर के गुप्ता ने विजय श्री प्राप्त की तथा डॉ मुदित मेहरोत्रा उपविजेता रहे।महिलाओं के लिए आयोजित क्रिकेट मैच में सहभागिता का उत्साह देखते ही बनता था।बच्चों के लिए बैलून शूटिंग प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही जिसमें नन्हे-मुन्नों की मुस्कान आयोजन को सजीव कर रही थी।यह आयोजन न केवल डॉक्टरों के योगदान को नमन था बल्कि समाज के प्रति उनके कर्तव्यों और स्वास्थ्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का जीवंत प्रतीक भी बना।
रेली में चिकित्सक डॉ नित्य मेहरोत्रा, पूर्व अध्यक्ष डॉ एम आर खान, सचिव डॉ रोहित मिश्रा, कोषाध्यक्ष डॉ शरद कुमार सिन्हा, डॉ पवन गर्ग, डॉ देश दीपक जायसवाल, डॉ संजीव भल्ला, डॉ डी के पुष्कर, डॉ मुदित मेहरोत्रा, डॉ आर के गुप्ता, डॉ रूपक टंडन, डॉ रोचक टंडन, डॉ अरविंद मिश्रा, डॉ पुनीत मिश्रा, आईएमए अध्यक्ष डॉ अखिलेश खरे, सचिव डॉ मनोज शर्मा, डॉ ए एस सलूजा सहित अनेक गणमान्य चिकित्सक एवं उनके परिवारीजन उपस्थित रहे।
संवाददाता – अनुज कुमार गुप्ता