लखीमपुर खीरी : ( द दस्तक 24 न्यूज ) मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत एआरटीओ कार्यालय में ड्राइविंग माय ड्रीम्स कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जागरूक करते हुए 18 वर्ष से अधिक आयु पूरी करने वाली छात्राओं को निःशुल्क लर्निंग लाइसेंस प्रदान किए गए। कार्यक्रम में 101 छात्राओं को लर्निंग लाइसेंस प्रदान किए गए। एआरटीओ शांति भूषण पांडे ने 1090, 181 व 112 हेल्पलाइन नंबर के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए बालिकाओं को प्रेरित किया तथा सड़क सुरक्षा के नियमों के बारे में जानकारी दी। छात्राओं ने लाइसेंस व सड़क सुरक्षा संंबंधित प्रश्नों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने बताया सरकार का उद्देश्य है कि महिलाएं-लड़कियां न केवल खुद वाहन चला सकें बल्कि जरूरत पड़ने पर इसे रोजगार का साधन भी बना सकें। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया ड्राइविंग माय ड्रीम्स’ केवल वाहन चलाने का प्रशिक्षण नहीं, बल्कि बेटियों के सपनों को पंख देने का सशक्त मंच है।
डीएम की पहल से कार्यक्रम के दौरान बेटियों ने सिम्युलेटर पर कार ड्राइविंग की बारीकियां भी सीखी। इस दौरान बालिकाओं को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई साथ ही सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक संकेत, आपातकालीन परिस्थितियों में वाहन नियंत्रण और महिला सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। यह पहल बालिकाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के साथ-साथ दैनिक जीवन में स्वतंत्रता प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
