लखीमपुर खीरी : डीएम एसपी ने गुरुनानक देव जी के 556वें प्रकाशोत्सव पर गुरुद्वारा में टेका मत्था, लंगर में श्रद्धालुओं को परोसा प्रसाद

लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज़) 05 नवम्बर 2025 दिन बुधवार को सिख पंथ के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर आज जनपद में श्रद्धा और उत्साह के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने एसपी संकल्प शर्मा संग श्री गुरुनानक देव जी महाराज के प्रकाशोत्सव के पावन अवसर पर हाथीपुर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरुसिंह सभा में शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने गुरु नानक देव जी की प्रतिमा के समक्ष गुरुद्वारा में मत्था टेका और पुष्प अर्पित कर नमन किया और प्रदेशवासियों व जनपदवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा में कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने गुरुद्वारा में उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद परोसा साथ ही प्रसाद ग्रहण किया और जिले की प्रगति, उन्नति, लोककल्याण के लिए अरदास की और भाईचारे, समानता और सेवा के संदेश पर चलने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन हमें सच्चाई, करुणा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गुरु नानक देव जी के उपदेश आज भी समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव बनाए रखने के लिए मार्गदर्शक हैं।

इस अवसर पर सिख समाज की महिलाओं ने जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल को श्री गुरुनानक देव जी का चित्र सप्रेम भेंट कर उन्हें सम्मानित किया और प्रकाश पर्व की उन्हें शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।